नीतीश-तेजस्वी की जोड़ी जमी तो बिहार में भाजपा का रास्ता नहीं होगा आसान

लालू का साथ बदल देता है सियासी समीकरण

अरविंद शर्मा, पटना(jagran.com) । नीतीश कुमार के एनडीए से अलग हो जाने के बाद बिहार में भाजपा अकेली पड़ गई है, जबकि दूसरी ओर सात दलों का गठबंधन है। सत्ता की हनक है और वोट बैंक भी। अगर इस गठबंधन में कोई दरार नहीं आई और सहज तरीके से दोस्ती चलती रही तो भाजपा के लिए आगे का रास्ता आसान नहीं होगा। पिछले तीन दशकों से बिहार में भाजपा नीतीश कुमार के कंधे की सवारी करती आ रही थी। इस प्रयास में उसका अपना प्रताप कभी बुलंद नहीं हो पाया।
हालांकि, राजनीति का गणित सहज नहीं होता। फिर भी अगर 2020 के विधानसभा चुनाव को मानक मान लिया जाए तो राजद, जदयू और कांग्रेस के वोट प्रतिशत के आगे भाजपा और लोजपा का टिक पाना मुश्किल है। तीनों दलों के वोट बैंक अगर दूसरे के साथ आसानी चले से गए तो भाजपा के हश्र की सिर्फ कल्पना ही की जा सकती है।
अतीत साक्षी है। लोकसभा चुनाव परिणाम को यदि अपवाद मान लिया जाए तो भाजपा अपने दम पर विधानसभा का कोई चुनाव नहीं जीत सकी है। यहां तक कि 2015 में लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की जोड़ी के आगे भाजपा पूरी तरह पस्त नजर आई थी, जबकि उस वक्त तीन क्षेत्रीय दलों से भाजपा का भी गठबंधन था, लेकिन प्रचंड प्रचार अभियान के बावजूद विधानसभा की कुल 243 सीटों में से मात्र 58 पर ही सफलता मिल सकी थी। 2017 में गठबंधन बदल कर फिर से भाजपा के साथ नीतीश कुमार के आ जाने से तस्वीर पलट गई। 2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को बिहार की कुल 40 सीटों में 39 पर जीत मिल गई। सिर्फ एक सीट कांग्रेस के खाते में गई। राजद का सुपड़ा साफ हो गया। अगले ही वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा-जदयू ने प्रदेश में बहुमत के साथ सरकार बनाई।
बिहार में कांग्रेस के हाशिये पर जाने के बाद पिछले करीब ढाई दशक से गठबंधन की राजनीति हावी है। तीन प्रमुख दल हैं- भाजपा, जदयू और राजद। तीनों मजबूत हैं पर अपने आप में संपूर्ण एक भी नहीं। सत्ता के लिए तीनों को किसी दूसरे एक पर निर्भर रहना पड़ता है। कांग्रेस की हैसियत चौथे दल के रूप में है। यह न तो किसी को बनाने की स्थिति में है और न ही बिगाड़ने की स्थिति में। किंतु जब भाजपा और जदयू का गठबंधन रहता है तो राजद को संतुलित करने में मददगार जरूर साबित होती है। एनडीए के लिए लोक जनशक्ति पार्टी की भी ऐसी ही भूमिका है।

2020 का हाल
दल : वोट प्रतिशत
राजद : 23.11
जदयू : 15.42
कांग्रेस : 9.53
वामदल : 4.64
भाजपा : 19,46
लोजपा : 5.66






Related News

  • मोदी को कितनी टक्कर देगा विपक्ष का इंडिया
  • राजद व जदयू के 49 कार्यकर्ताओं को मिला एक-एक करोड़ का ‘अनुकंपा पैकेज’
  • डॉन आनंदमोहन की रिहाई, बिहार में दलित राजनीति और घड़ियाली आंसुओं की बाढ़
  • ‘नीतीश कुमार ही नहीं चाहते कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले, वे बस इस मुद्दे पर राजनीति करते हैं’
  • दाल-भात-चोखा खाकर सो रहे हैं तो बिहार कैसे सुधरेगा ?
  • जदयू की जंबो टीम, पिछड़ा और अति पिछड़ा पर दांव
  • भाजपा के लिए ‘वोट बाजार’ नहीं हैं जगदेव प्रसाद
  • नड्डा-धूमल-ठाकुर ने हिमाचल में बीजेपी की लुटिया कैसे डुबोई
  • Comments are Closed

    Share
    Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com