विदेशी दुल्हे की चाहत में बर्बाद हो रही बिहार की बेटियां

पटना। हर लड़की का सपना होता है उसके सपनों का राजकुमार आएगा और सात समुंदर पार उसे सपनों के गांव में ले जाएगा। आज ऐसी लड़कियों की तादाद भी बढ़ती जा रही है जो विदेशी दूल्हा चाहती हैं, जो उनके लिए स्टेटस का सिंबल हो, कि मेरी शादी एनआरआई से हो रही है और शादी के बाद उनके विदेश से लौटकर वहां की चर्चा का बखान करना और लड़कियों को भी आकर्षित करता है कि, काश! उनकी भी शादी किसी एनआरआई से हो जाए। बिहार के धनाड्य परिवारों में भी एनआरआई दुल्हे खोजने का के्रेज बढ़ता जा रहा है। इस चक्कर में कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद भी हुई है। एनआरआई से शादी और धोखा खाने के मामले पहले पंजाब में ज्यादा होते थे। आजकल दिल्ली अभी अव्वल नंबर पर है, जहां लड़कियां इस मामले में ज्यादा धोखा खा रही हैं। दिल्ली के बाद अब बिहार की राजधानी में भी ऐसे दो मामले हाल ही में महिला हेल्पलाइन में आए हैं।
एनआरआई दूल्हों की खोज में लड़कियां और उनके परिवार वाले मैरिज ब्यूरो का सहारा लेते हैं और पूरी तलाश कर योग्य वर देखते हैं। मगर, मैरिज ब्यूरो के जरिए जो शादियां हो रही हैं, ताजा रिपोर्ट के मुताबिक विदेशों में रहने वाले ऐसे एनआरआई दूल्हे धोखा देने में अव्वल हैं। पहला मामला यह है जिसमें लड़की को शादी के बाद विदेश में इनता प्रताड़ित किया गया कि वह अमेरिका से किसी तरह भाग कर पटना आ गई। जबकि, दूसरे मामले में लड़की जब पति के साथ विदेश गई तो पता चला कि वह तो पहले से ही शादीशुदा है। वह भी किसी तरह भागकर पटना आ गई।
पटना में महिला हेल्पलाइन की ओर से इन दोनों मामलों में एनआरआई पतियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। महिला हेल्पलाइन की परियोजना प्रबंधक प्रमिला कुमारी ने बताया है कि एनआरआई लड़के से शादी करने के बाद परिजन बेफ्रिक हो जाते हैं और झेलना लड़की को पड़ता है। उन्होंने कहा कि इन दोनों मामलों में युवकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अमेरिकन इंजीनियर पति देता है ताना
बोरिंग रोड की एक युवती की शादी अमेरिका में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर से हुई। शादी के समय मायके वालों ने लाखों रुपए खर्च किए। धूमधाम से शादी के बाद वह खुशी-खुशी अमेरिका चली गई। वहां पति और ससुराल वाले कम दहेज मिलने का ताना देते थे और उसके साथ मार-पीट करते रहते। इसी बीच उसने जुड़वां बेटियों को जन्म दिया तो उसे और ज्यादा प्रताड़ित किया जाने लगा। उसने बताया कि उसका पति उसे छोड़कर वहीं की किसी युवती से शादी करना चाहता था।
पहले से शादी शुदा था धोखेबाज पति
पाटलिपुत्र की एक युवती की शादी काफी धूमधाम से अफ्रीका में रहने वाले एनआरआई से हुई। शादी के बाद वह ससुराल में सास-ससुर के साथ रहती थी। कहने के बावजूद पति बहाने बनाकर उसे अपने साथ नहीं ले जाता था। धीरे-धीरे पति का आना-जाना भी कम हो गया और इस बीच उसने एक बेटी को जन्म दिया। काफी जिद के बाद पति उसे अपने साथ अफ्रीका ले गया।उसने रोते हुए बताया कि वहां जाने के बाद पति मेरे साथ मारपीट करते, मुझे कमरे में बंद करके रखा जाता, खाना नहीं देते थे। कुछ दिन बाद पता चला कि वहां उसने एक और शादी कर रखी है और उससे दो बच्चे भी हैं। प्रताड़ना से तंग आकर वह अपने मायके आ गई और महिला हेल्पलाइन का सहारा लिया।
बढ़ती जा रही है एनआरआई दूल्हों की ज्यादती
आजकल एनआरआई दूल्हों की ज्यादतियों की शिकार हो रहीं भारतीय लड़कियों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले छह महीने में 360 से ज्यादा युवतियां राष्ट्रीय महिला आयोग के पास पहुंची हैं, जो एनआरआई या प्रवासी भारतीय पतियों या उनके परिवार वालों के हाथों सताई गई थीं। पटना की लड़की ने पहले ही बता दिया था, कश्मीर में होगा आतंकी हमला सरकार उठाएगी कदम
2009 में राष्ट्रीय महिला आयोग के तहत बना एनआरआई सेल अब ऐसी महिलाओं के लिए एक मददगार मंच के रूप में सामने आ रहा है। इस मामले में विदेश मंत्रालय और प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्रालय भी मिलकर काम करने की योजना बना रहे हैं।
सरकार की योजना है कि किसी भी भारतीय लड़की की शादी चाहे एनआरआई, प्रवासी भारतीय या विदेशी से भारत या भारत से बाहर क्यों न हुई हो, उसके साथ शादी के बाद किसी भी तरह की दिक्कत आने पर उसकी मदद की जाएगी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मांग की है कि एक ऐसी अधिकृत संस्था का गठन किया जाए, जो पीड़ित महिला की ओर से विदेशी अदालतों में उसका केस रख सके।
खुद भी रहें सतर्क
कोई जरूरी नहीं कि सभी एनआरआई लड़के धोखा ही देते हैं। लेकिन, कुछ मामलों ने यह सोचने को विवश कर दिया है कि एनआरआई वर ढूंढते समय सतर्कता बरतनी जरूरी है। मैरिज ब्यूरो से पूरी जानकारी लेने के बाद भी खुद से लड़के के बारे में अच्छी तरह जांच-परखने के बाद ही शादी करनी चाहिए। लड़कियों को भी सतर्क रहना चाहिए। अपने ऊपर हो रहे अत्याचार को खुलकर बताना चाहिए। – काजल.






Related News

  • लोकतंत्र ही नहीं मानवाधिकार की जननी भी है बिहार
  • भीम ने अपने पितरों की मोक्ष के लिए गया जी में किया था पिंडदान
  • कॉमिक्स का भी क्या दौर था
  • गजेन्द्र मोक्ष स्तोत्र
  • वह मरा नहीं, आईएएस बन गया!
  • बिहार की महिला किसानों ने छोटी सी बगिया से मिटाई पूरे गांव की भूख
  • कौन होते हैं धन्ना सेठ, क्या आप जानते हैं धन्ना सेठ की कहानी
  • यह करके देश में हो सकती है गौ क्रांति
  • Comments are Closed

    Share
    Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com