बिहार में गायब हो गई पूरी सड़क
पटना शहर से सटे हैरान करने वाली घटना
जांच में जुटे अधिकारी
पटना में सड़क चुराने का अनोखा मामला।
पटना/फुलवारीशरीफ.बिहार की राजधानी पटना (Patna) में एक सड़क अचानक गायब हो गई। सड़क को अपनी जगह से गायब देखकर आसपास के लोग परेशान हुए कि अब वे आवागमन कैसे करेंगे तो मामला पंचायत के मुखिया और भाकपा माले के विधायक (CPI ML MLA Gopal Ravidas) तक पहुंचा। बीडीओ साहब मौके पर जांच करने के लिए खुद पहुंचे और वहां का नजारा देखकर वे भी हैरान रह गए। यह पूरा मामला पटना से सटे परसा के सिमरा मुसहरी जाने वाले रास्ते का है। यहां पंचायत की योजना से ईंट सोलिंग सड़क बनाई गई थी। इस बीच लोगों ने एक दिन देखा कि सड़क की एक-एक ईंट गायब हो गई है। पूरे मामले में गड़बड़ी का शक एक स्थानीय दबंग पर ही जताया जा रहा है।
तत्कालीन मुखिया के फंड से बनी थी सड़क
परसा के सिमरा मुसहरी जाने वाले रास्ते में पूर्व मुखिया के फंड से बनी सड़क की ईंट गायब हो गई है। फुलवारीशरीफ विधानसभा के माले विधायक गोपाल रविदास ने सिमरा के नागेन्द्र सिंह पर आरोप लगाया कि यही आदमी शनिवार को दिन-दहाड़े मुसहरी जाने वाली सड़क की ईंट उखाड़ने के बाद ट्रैक्टर पर लादकर ले गया। इसकी शिकायत विधायक ने फुलवारीशरीफ के प्रखंड विकास पदाधिकारी जफरूद्दीन व परसा थानेदार संजय कुमार से की। हालांकि आरोपित के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। ईंट के उखाड़े जाने के कारण गरीबों का घर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
बीडीओ ने मौके पर जाकर की मामले की जांच
थानेदार संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में बीडीओ जांच कर रहे हैं। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी जफरूद्दीन ने बताया कि शनिवार को शिकायत पर वह खुद जांच करने पहुंचे। जांच में पाया गया कि बगल से बन रही फोरलेन सड़क में ईंट सोलिंग वाली सड़क का करीब 200 फीट हिस्सा आ रहा है। इसकी खोदाई का काम एक-दो दिनों में शुरू होने वाला है। इसी की भनक लगने के बाद किसी ने खोदाई से पहले ही रास्ते की ईंट उखाड़ ली है। इधर, स्थानीय मुखिया नवलेश सिंह ने उखाड़ी गई ईंट को फिर से बिछाने का आश्वासन दिया है। with thanks from jagran.com
Related News
हथुआ में होगा 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ
17 से 20 मार्च तक हथुआ पंचायत के दुर्गामंदिर परिसर में होगा भव्य आयोजन महायज्ञRead More
गरीबी की गहराई से निकलने की आसान सीढ़ी है शिक्षा : सुनीता साह
‘गरीबी की गहराई से निकलने की आसान सीढ़ी है शिक्षा’ हथुआ ब्लॉक में जनसुराज काRead More

Comments are Closed