दूल्हे ने पहनाई वरमाला सिंदूर किसी और ने डाला

marrige
दुल्हन के जीजा के चचेरे भाई ने रंग में भंग डाला, दुल्हे ने विवाह से किया इनकार
समस्तीपुर/रोसड़ा। प्रखंड के गोविन्दपुर गांव के कालाबंजर टोले से विवाह के लिए बारात लेकर सरायरंजन प्रखंड के दामोदरपुर महुली गांव के लिए निकला दूल्हा बगैर दुल्हन के ही वापस लौट गया। बाजे-गाजे के साथ विवाह की रस्म अदायगी को लेकर विगत कई दिनों का उत्साह उस समय मायूसी में बदल गया, जब वरमाला के बाद लड़की की मांग में किसी और ने सिंदूर भर दिया। फिर क्या था विवाह की रस्म अदायगी से पूर्व ही व्यवधान आ गया। लड़के ने विवाह करने से इनकार कर दिया। फलस्वरूप लड़की के माता-पिता बेहोश होकर अस्पताल में भर्ती हो गए। रविवार को निकली बारात सोमवार को भूखे प्यासे लौट गई। घटना के बारे में बताया जाता है कि विवाह के लिए बारात लेकर दूल्हा-दुल्हन के घर पहुंचा। गांव के लोगों ने दूल्हा समेत बारात को स्वागत सत्कार के बाद जनवासा से घर तक पहुंचाया। बाजे गाजे पर नाचती युवाओं की टोली दुल्हन के घर पर पहुंची। दुल्हन ने वरमाला में एक-दूसरे को माला पहना कर गंधर्व विवाह की रीति को निर्वहन किया। बाद में दुल्हन के जीजा के चचरे भाई जो विवाह में शामिल होने के लिए आया था, उसने पूरे विवाह के रंग में भंग डाल दिया। भरी सभा में दुल्हन की मांग को सिंदूर से भर दिया। इसके बाद बारात पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और विवाह नहीं करने पर अडिग हो गए। मान मनौव्वल के बीच दूल्हे ने भी विवाह रचाने से इनकार कर दिया। दूसरे दिन दोपहर बाद बगैर दुल्हन के दूल्हा अपने घर वापस आ गया। इसकी चर्चा दोनों गांवों में जोर-शोर से जारी है।






Comments are Closed

Share
Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com