सोन नदी में नाव पलटने से 17 डूबे, 5 महिलाओं के शव बरामद

dehari on son biharडेहरी (रोहतास)। एनीकट में बीसवें फाटक के पास गुरुवार को सोन नदी में एक नाव के पलट जाने से उसपर सवार 17 महिलाएं डूब गईं। इनमें से पांच महिलाओं के शवों को बरामद कर लिया गया है। छह महिलाओं की तलाश में एनडीआरएफ के गोताखोर लगे हुए हैं। डूब रहीं छह महिलाओं को बचाकर इलाज के लिए सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे के बाद लोगों ने प्रशासनिक उपेक्षा के विरोध में निरंजन बिगहा के पास सड़क पर बांस-बल्ला लगा आगजनी कर डेहरी-तिलौथू पथ को जाम कर दिया। घटनास्थल पर पहुंचे डीएम संदीप कुमार पुडकलकप्ती ने सरकार की ओर से आश्रितों को चार-चार लाख रुपए का मुआवजा देने व सरकारी खर्च पर इलाज कराने की घोषणा की। वार्ड पार्षद मोहन सिंह ने शवों के दाह संस्कार के लिए कबीर अंत्एष्टि योजना से डेढ़-डेढ़ हजार रुपए दिए।
शिवगंज व निरंजन बिगहा की 17 महिलाएं नाव परसवार होकर उस पार सोन टीले पर जा रही थीं। बीसवें फाटक के पास नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में सवार सभी महिलाएं सोन नद में डूबने लगीं। नाविक नंदू कुमार ने तीन महिलाओं को जिंदा पानी से निकाला। नाविक का शोर सुनकर लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के बाद दोपहर तक कुल पांच महिलाओं के शव सोन नद से निकाले जा चुके थे।
मृतकाओं में शिवगंज की पार्वती देवी (35), महंगी देवी (40), राधिका देवी (42), चम्पा देवी (45) तथा निरंजन बिगहा की सुन्दरी देवी (38) शामिल हैं। सोन नद में डूब रहीं महिलाओं को बचाने के बाद उन्हें इलाज के लिए डेहरी व सासाराम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाजरत महिलाओं में शिवगंज की चिंता देवी, दौलती देवी, फूला देवी, लीलावती देवी, चन्द्रावती देवी व रुक्मीणा देवी शामिल हैं। पटना से पहुंची एनडीआरएफ की टीम लापता छह महिलाओं की खोजबीन में जुटी हुई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे डीएम व एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने आसपास के सभी थानाध्यक्षों को नाव लेकर शवों को खोजने में लगाया। डीएम ने बताया कि नाव पर सवार महिलाएं सोन टीले पर कृषि कार्य व मजदूरी करने जा रही थीं। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की भी जांच होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती सभी महिलाओं का मुफ्त में इलाज होगा।






Comments are Closed

Share
Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com